जगदलपुर। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। शुक्रवार को NIA ने पिछले साल हुए अरनपुर IED ब्लास्ट मामले में सुकमा और दंतेवाड़ा जिले के 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह तलाशी अभियान सुबह से शुरू होकर देर शाम तक चला, जिसमें कई अहम सुराग और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है।
यह कार्रवाई पिछले साल 26 अप्रैल 2023 को दंतेवाड़ा के अरनपुर इलाके में हुए भीषण IED ब्लास्ट से जुड़ी है। इस घातक हमले में जिला बल के 10 बहादुर जवान और एक ड्राइवर शहीद हो गए थे। एनआईए की जांच में सामने आया था कि इस हमले को दंतेवाड़ा के अरनपुर थाना क्षेत्र के पेद्का गांव के पास दरभा डिवीजन कमेटी के नक्सलियों ने अंजाम दिया था।
एनआईए के अनुसार, ये तलाशियां उन संदिग्धों और आरोपियों के परिसरों में की गईं, जो प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) के सशस्त्र कैडरों से जुड़े हैं। छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी ने नकदी, हस्तलिखित पत्र, लेवी वसूली की रसीद बुकें और डिजिटल उपकरण जैसी आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है।
एनआईए की इस कार्रवाई को बस्तर में नक्सलियों की गतिविधियों पर लगाम लगाने और अरनपुर ब्लास्ट के दोषियों तक पहुंचने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जब्त की गई सामग्री से नक्सलियों के नेटवर्क और उनकी फंडिंग से जुड़े और खुलासे होने की उम्मीद है।



