Home छत्तीसगढ़ कारोबारी हेमंत चंद्राकर ने EOW/ED पर लगाया शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का...

कारोबारी हेमंत चंद्राकर ने EOW/ED पर लगाया शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का आरोप, पूर्व CM भूपेश बघेल को फंसाने के लिए दबाव बनाने का दावा

290
0

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले को लेकर चल रही जांच और सियासी खींचतान के बीच एक बड़ा आरोप सामने आया है। राजधानी रायपुर के कारोबारी हेमंत चंद्राकर ने आर्थिक अपराध शाखा (EOW) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। चंद्राकर का दावा है कि उन्हें जबरन बयान देने के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

हेमंत चंद्राकर ने आरोप लगाया है कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) के उप निदेशक नीरज सिंह द्वारा पूछताछ के दौरान उनके साथ आपत्तिजनक और अनुचित व्यवहार किया गया, जिसके चलते उन्हें मानसिक प्रताड़ना और शारीरिक यातनाएं झेलनी पड़ीं।

पूर्व सीएम समेत कई बड़े नेताओं को फंसाने का दबाव

कारोबारी हेमंत चंद्राकर के मुताबिक, जांच अधिकारियों द्वारा उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था कि वे एक लिखित बयान पर हस्ताक्षर करें। इस बयान में उन्हें यह आरोप लगाना था कि उन्होंने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विजय भाटिया, रामगोपाल अग्रवाल, आशीष वर्मा, मनदीप चावला, एवं एजेंट आदित्य अग्रवाल, शाश्वत जैन, किशोर चंद्राकर और सत्यपाल सिंह छाबड़ा को कमीशन देकर अपना काम करवाया।  

चंद्राकर ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने ऐसे झूठे कागजात पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया, तो उनके साथ मारपीट भी की गई।

कांग्रेस ने पुलिस में की शिकायत, कोर्ट जाने की सलाह

कारोबारी हेमंत चंद्राकर के साथ हुई यातना के निशान (तस्वीरों) सामने आने के बाद, कांग्रेस पार्टी के सदस्य आक्रोशित हो गए। गुस्साए कांग्रेसियों ने तत्काल सिविल लाइन थाने पहुंचकर संबंधित दोषी अधिकारियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई और अपराध दर्ज करने की मांग की।

हालांकि, कोतवाली थाने के सीएसपी ने उन्हें राहत देने के बजाय कानूनी सलाह दी। कोतवाली थाने के सीएसपी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बताया कि वे सीधे कोर्ट की शरण में जाएं। पुलिस ने उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज करवाने और सरकारी अस्पताल में जाकर डाक्टरी मुलाहिजा (मेडिकल जांच) करवाने की सलाह देकर वापस भेज दिया।

यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले को लेकर पहले से ही राजनीतिक माहौल गरम है। इस नए आरोप ने जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोपों पर फिलहाल EOW या ED की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here